May 18, 2026

9वीं के छात्र ने लगाई फांसी: आम के पेड़ से लटका मिला शव, गलत संगत की आशंका

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत धूरी पारा मंगला इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव घर की छत पर लगे आम के पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

छत पर पेड़ से लटका मिला शव
मृतक की पहचान अरविंद पटेल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जब वे घर में पहुंचे तो अरविंद दिखाई नहीं दिया। तलाश करने पर उसका शव छत पर आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

पढ़ाई से दूरी और गलत संगत की आशंका
परिजनों के अनुसार, अरविंद का पिछले कुछ समय से पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। वह करीब दो महीनों से स्कूल भी नहीं जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह गलत संगत में पड़ गया था और नशे की लत वाले दोस्तों के साथ समय बिताने लगा था, जिससे उसके व्यवहार में भी बदलाव आ गया था।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इलाके में शोक का माहौल
इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और छात्र की असामयिक मौत को लेकर गहरा दुख जता रहे हैं।