May 14, 2026

आंधी-तूफान और बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी-तूफान, गरज-चमक और झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

दोपहर तक तेज धूप और उमस से परेशान शहरवासियों को अचानक बदले मौसम ने राहत दी। पूरे शहर में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

मौसम विभाग ने पहले ही अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई थी।

शुक्रवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई थी। उस दिन अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर 24.1 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।