March 5, 2026

जगदलपुर: 21 लाख के इनामी माओवादी सुखराम मरकाम ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर, छत्तीसगढ़: नक्सल मोर्चे पर ओडिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से सक्रिय 21 लाख रुपए के इनामी माओवादी सुखराम मरकाम उर्फ योगेश उर्फ सुरेश ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण किया है। यह आत्मसमर्पण ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों के सामने हुआ।

आत्मसमर्पण के दौरान सुखराम मरकाम के पास से एक SLR राइफल और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सुखराम मरकाम माओवादी संगठन में ACM रैंक का सक्रिय कैडर माना जाता है और वह वर्ष 2010 से इस संगठन से जुड़ा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।

माओवादी सुखराम मरकाम मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी है। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में गंभीर नक्सली मामले दर्ज थे। लगातार दबाव और सघन ऑपरेशन के चलते सुखराम ने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना।

मलकानगिरी एसपी विनोद पाटिल ने बताया कि यह नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि है। आत्मसमर्पण से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और सुरक्षा बलों को उम्मीद है कि आगे भी अन्य माओवादी मुख्यधारा में लौटेंगे।