सुकमा। जिले के कोंटा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षकों से एरियर्स की राशि तैयार करने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने BEO को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
एरियर्स भुगतान के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिक्षकों की एरियर्स राशि तैयार करने के नाम पर रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई और तय प्रक्रिया के तहत रिश्वत लेते अधिकारी को पकड़ लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप
ACB की कार्रवाई के बाद BEO कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात की जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल ACB की कार्रवाई जारी है। मामले में अधिकारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई, रिश्वत की रकम और अन्य संबंधित तथ्यों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।





