May 18, 2026

दुर्गम गांवों तक बाइक से पहुंचे कलेक्टर-एसपी, चौपाल लगाकर योजनाओं की ली जानकारी

Sukma। जिले के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर Amit Kumar और पुलिस अधीक्षक Kiran Chavan ने Konta विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित Karigundam और Nimalguda गांवों का दौरा किया।

नदी-नालों और घने जंगल-झाड़ियों को पार करते हुए कलेक्टर सहित प्रशासनिक अमला बाइक से गांवों तक पहुंचा और ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।

दौरे के दौरान कलेक्टर अमित कुमार और एसपी किरण चव्हाण सीधे ग्रामीणों के घरों तक पहुंचे और उनसे संवाद कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने Pradhan Mantri Awas Yojana के तहत आवास निर्माण, शौचालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ Mukund Thakur और डीएफओ Akshay Bhonsle भी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मौके पर ही शिक्षादूत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फड़ मुंशी, सेल्समैन और आंगनबाड़ी सर्वेक्षक जैसे पदों के लिए युवाओं को चिन्हांकित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्व सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए बताया कि शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर क्षेत्र में इमली की खरीदी स्व सहायता समूहों के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी, जिससे ग्रामीणों और समूहों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

राशन वितरण की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नियमितता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पेयजल और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निमलगुड़ा गांव में विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर ने तालाब गहरीकरण, भूमि समतलीकरण, देवगुड़ी निर्माण और सड़क निर्माण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने राशन वितरण, आधार और आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते, वन उपज संग्रहण और प्रसव के लिए अस्पताल जाने जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

प्रशासनिक टीम के इस दौरे से दूरस्थ गांवों में शासन के प्रति विश्वास और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पहली बार वरिष्ठ अधिकारियों को अपने घर तक पहुंचते देख खुशी जताई और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।