March 5, 2026

सुकमा के गोगुंडा पहाड़ पर नक्सलियों को बड़ा झटका, रमन्ना का 20 फीट ऊंचा स्मारक ध्वस्त

सुकमा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी प्रतीकात्मक जीत मिली है। सुकमा जिले के गोगुंडा पहाड़ पर जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खूंखार नक्सली कमांडर और सेंट्रल कमेटी (सीसी) मेंबर रमन्ना के नाम पर बनाए गए 20 फीट ऊंचे विशाल स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह स्मारक नक्सलियों के प्रभाव और डर का प्रतीक माना जाता था।

गौरतलब है कि गोगुंडा पहाड़ पिछले चार दशकों से नक्सलियों का अजेय गढ़ माना जाता रहा है। इलाके में नक्सलियों की मजबूत पकड़ के कारण सुरक्षाबलों की आवाजाही बेहद कठिन थी। हालांकि, क्षेत्र में सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन का नया कैंप स्थापित होने के बाद हालात तेजी से बदले और अब यह इलाका पूरी तरह नक्सल प्रभाव से मुक्त हो चुका है।

टॉप नक्सली कमांडर रमन्ना की वर्ष 2020 में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद नक्सलियों ने गोगुंडा की पहाड़ियों पर उसकी याद में यह विशाल स्मारक तैयार किया था, जिसे नक्सली संगठन अपनी ताकत और प्रभाव के प्रतीक के रूप में प्रचारित करते थे।

इस स्मारक को गिराने के लिए सीआरपीएफ 74वीं बटालियन और कोबरा 201 बटालियन ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जवानों ने पूरे इलाके को घेरकर रणनीतिक तरीके से स्मारक को ध्वस्त कर दिया। पुलिस और सुरक्षाबलों का स्पष्ट उद्देश्य न केवल नक्सलियों का सफाया करना है, बल्कि उनकी विचारधारा, डर और प्रतीकों को भी जड़ से समाप्त करना है।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि बस्तर के जंगलों में अब नक्सलियों का खौफ लगातार कम हो रहा है। जवान न सिर्फ नक्सली गतिविधियों को खत्म कर रहे हैं, बल्कि उनके द्वारा बनाए गए स्मारकों और प्रभावशाली ढांचों को भी ध्वस्त कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित की जा सके।