May 15, 2026

सुकमा में नक्सल संगठन को बड़ा झटका, 8 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की कमर लगातार टूटती नजर आ रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सुकमा जिला मुख्यालय में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा, जब 8 लाख रुपए के इनामी 4 नक्सलियों ने हथियारों सहित पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में एसीएम रैंक का नक्सली भी शामिल है, जबकि दो महिला नक्सली भी इस दल का हिस्सा हैं।

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने SLR, INSAS, .303 और .315 रायफल सहित भारी मात्रा में एम्युनेशन पुलिस को सौंपा। बताया जा रहा है कि ये नक्सली गोलापल्ली, कोंटा और किस्टाराम क्षेत्र में सक्रिय थे।

यह आत्मसमर्पण सुकमा पुलिस और अल्लूरी सीताराम राजू (आंध्र प्रदेश) पुलिस के संयुक्त प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है। पूरी कार्रवाई राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अन्य नक्सलियों से भी हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की अपील की है।