March 3, 2026

सुरक्षाबलों ने गोगुंडा में नक्सलियों के हथियारों का डंप बरामद कर बड़ी साजिश नाकाम की

सुकमा। जिले के गोगुंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन और कोबरा 201 के जवानों ने एक संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के हथियारों का डंप बरामद किया और उनकी बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।

सुरक्षाबलों ने इलाके में एरिया डोमिनेशन (Area Domination) के दौरान गोगुंडा पहाड़ के दूसरे छोर पर नक्सलियों द्वारा छिपाया गया हथियारों का बड़ा डंप पाया। तलाशी के दौरान 5 किलो वजनी एक शक्तिशाली आईईडी (IED) भी बरामद किया गया, जिसे बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

बीते बुधवार को ही सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर रमन्ना का 20 फीट ऊंचा स्मारक ढहा दिया था। इसके बाद भी इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन और डॉमिनेशन जारी रहा, जिससे नक्सलियों में डर और घबराहट देखी गई। स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षाबलों की मौजूदगी से सुरक्षा का भाव महसूस किया।

सीआरपीएफ कमांडेंट हिमांशु पांडे ने कहा कि “हमारा प्राथमिक लक्ष्य पूरे इलाके को नक्सल भय से मुक्त करना है। गोगुंडा की पहाड़ियों में शांति और विकास की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक शांति पूरी तरह बहाल न हो जाए।”

सुरक्षाबलों के लगातार अभियान और 40 साल बाद इस क्षेत्र में स्थापित कैंप से अब विकास कार्यों की राह आसान हो गई है। नक्सलियों के दबाव में रहे इलाके में सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के पहुंचने की उम्मीद जगी है।