सुकमा, 10 फरवरी 2026 – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप वनांचल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सुकमा जिला प्रशासन ने ‘नियद नेल्लानार’ योजना के अंतर्गत माध्यमिक शाला मिसमा और बालक आश्रम सामसट्टी के 40 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को साइंस पार्क ले जाया गया, जहाँ उन्होंने विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रयोगों का प्रत्यक्ष अनुभव किया। न्यूटन के नियम, ऊर्जा का रूपांतरण, ध्वनि के सिद्धांत, धूप घड़ी से समय मापन, पेंडुलम की गति और दर्पणों से जुड़े प्रयोगों ने बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और समझ बढ़ाई।
इसके अलावा, विद्यार्थियों ने कलेक्टर कार्यालय का दौरा कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को तुंगल बांध ले जाकर प्राकृतिक वातावरण, जैव विविधता और जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सीखने की भावना पैदा हुई।
जिला प्रशासन ने बताया कि ‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा और समग्र विकास से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।





