सुकमा। जिले के बालिका पोटाकेबिन पोलमपल्ली में दो दिनों के भीतर 47 छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। छात्राओं को बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
23 छात्राओं का इलाज जारी
स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद कुछ छात्राएं स्वस्थ होकर पोटाकेबिन लौट गई हैं, जबकि 23 छात्राओं का दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। वहीं एक छात्रा को बेहतर उपचार के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
350 छात्राएं पोटाकेबिन में अध्ययनरत
पोटाकेबिन पोलमपल्ली में करीब 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। लगातार छात्राओं के बीमार पड़ने के बाद संस्थान की भोजन, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि छात्राओं के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और छात्राओं के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।





