September 4, 2026

डबरी में नहाने गए 45 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत, DDRF ने निकाला शव

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी गांव स्थित कलुआपारा में डबरी में डूबने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मुनस सिंह, निवासी पंचवटी गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव में ही एक व्यक्ति की डबरी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही DDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद डबरी से मृतक का शव बाहर निकाला।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद रामानुजनगर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।