May 15, 2026

सूरजपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले में ACB की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मामला क्या है

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहटा निवासी रूप सिंह ने एसीबी अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके और उनकी बहन के नाम की जमीन, जो ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित है, का अधिग्रहण महामाया कोयला खदान जरही द्वारा किया गया है। इस मामले में नामांतरण और नौकरी से संबंधित पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

ACB की ट्रैप कार्रवाई

शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। 22 अप्रैल को कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

मामला दर्ज

एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।