July 23, 2026

बतरा बांध में नाव पलटी: 3 ग्रामीण लापता, DDRF का रेस्क्यू अभियान जारी

सूरजपुर। जिले के बतरा बांध में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में 6 ग्रामीणों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 3 लोग लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके की है। बताया जा रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद सोमवार रात अंधेरे में 9 ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए बांध में गए थे। इसी दौरान उनकी नाव असंतुलित होकर पलट गई।

नाव पलटने के बाद अफरा-तफरी मच गई। छह ग्रामीण किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन तीन लोग पानी में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और DDRF टीम की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।

प्रशासन की टीम लापता ग्रामीणों की खोज में जुटी हुई है। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। पुलिस ने लोगों से जलाशयों और बांधों में सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित गतिविधियों से बचने की अपील की है।

फिलहाल लापता ग्रामीणों का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।