सूरजपुर। प्रतापपुर से भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का शराबबंदी को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि “मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र को शराब-मुक्त कर दूं।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि किसी व्यक्ति पर जबरन शराब छोड़ने का दबाव नहीं बनाया जा सकता, लेकिन समाज और परिवार की भलाई के लिए लोगों को स्वयं आगे आकर नशे से दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने शराब और अन्य नशे की आदतों को छोड़कर सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
‘नशामुक्त समाज ही विकास की नींव’
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि यदि एक व्यक्ति भी गलत रास्ते पर जाने से बचता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। उनके मुताबिक, नशामुक्त समाज ही मजबूत और विकसित समाज की नींव है, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलती है।
जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
शकुंतला पोर्ते ने अपने विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की इच्छा जताते हुए लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की मांग को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। वहीं, क्षेत्र के कई लोगों ने उनके विचारों की सराहना भी की है।





