July 29, 2026

अश्लील वीडियो बनाकर 3 लाख की ब्लैकमेलिंग, दो महिलाएं गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो महिलाओं पर एक युवक को झांसे में लेकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर 3 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, जरही निवासी गणेश मिश्रा का कुछ वर्ष पहले दोनों महिलाओं से परिचय हुआ था। आरोप है कि महिलाओं ने उसे मिलने के बहाने सूरजपुर बुलाया। यहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों महिलाएं वीडियो वायरल करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगीं। डर के कारण उसने अलग-अलग समय में करीब 3 लाख रुपये महिलाओं को दे दिए।

लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित ने भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि आरोपी महिलाएं अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए युवक को ब्लैकमेल कर रही थीं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।