July 25, 2026

ठंड से बचने की कोशिश बनी जानलेवा, कोयले की सिगड़ी से एक ही परिवार के तीन की मौत

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव में बंद कमरे में कोयले की सिगड़ी जलाकर सोने से पति-पत्नी और उनकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कवल अपनी पत्नी कुन्ती और बेटी ममता के साथ प्रधानमंत्री आवास के एक कमरे में सो रहे थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे के अंदर सिगड़ी जलाई थी। घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सोए हुए थे। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां तीनों अचेत अवस्था में मिले। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

वेंटिलेशन की कमी बनी वजह

जिस कमरे में हादसा हुआ, वहां न तो खिड़की थी और न ही रोशनदान। बंद कमरे में कोयला जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे दम घुटने से तीनों की जान चली गई।

पुलिस जांच जारी

कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए बंद कमरों में अंगीठी या सिगड़ी जलाकर न सोएं। उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था रखें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।