सूरजपुर, 08 फरवरी 2026।
जिले में आयोजित होने वाले कलेक्टर जनदर्शन के समय में बदलाव किया गया है। अब 09 फरवरी से जनदर्शन मंगलवार के बजाय प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए सोमवार को जनदर्शन में उपस्थित हों।
इसके साथ ही समय-सीमा, राजस्व, कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा समिति, एनकॉर्ड (NCORD), छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम एवं दोषमुक्ति प्रकरणों तथा पास्को अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा से संबंधित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक भी प्रत्येक सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण और प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे जनदर्शन के लिए सोमवार को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखें।




