सूरजपुर जिला न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पार्किंग स्थल से चोरी हुई बाइक की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक एक वकील के मुंशी ने रोज की तरह अपनी नीले रंग की पल्सर NS 160 बाइक कोर्ट परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर बाइक चोरी कर ले गया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक बाइक पर बैठा दिखाई दे रहा है। वह बिना स्टार्ट किए बाइक को पैरों से धक्का देते हुए पार्किंग से बाहर सड़क तक ले जाता नजर आता है। इसके बाद भी वह बाइक को सड़क पर आगे तक धकेलते हुए दिखाई देता है।
सबसे अहम बात यह है कि यह घटना कोतवाली थाना से महज करीब 30 मीटर की दूरी पर हुई। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने पुलिस सुरक्षा और न्यायालय परिसर की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।





