कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे करीब 30 से 40 मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
आग लगने के कारण फैक्ट्री परिसर और आसपास का इलाका काले धुएं से भर गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





