July 23, 2026

Surajpur News: पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर कोर्ट को लगाया चूना, फर्जी जमानत कराने वाला बेटा गिरफ्तार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर न्यायालय को धोखा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने पिता के आधार कार्ड में फर्जी बदलाव कर उसे अपने नाम से इस्तेमाल किया और उसी दस्तावेज के आधार पर अदालत में पेश होकर अन्य मामलों के आरोपियों की जमानत कराई। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस ने जयनगर थाना क्षेत्र के अजबनगर (रंगपारा) निवासी 34 वर्षीय देव प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर अपना नाम दर्ज कराया और फर्जी पहचान के सहारे न्यायालय में पेश होकर पिता की जगह हस्ताक्षर किए। इसी फर्जी दस्तावेज का उपयोग कर उसने विभिन्न मामलों में आरोपियों की जमानत भी कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वह लगातार जांच से बचता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अंबिकापुर में भी इसी तरह फर्जी आधार कार्ड के जरिए जमानत लेने के मामले की जांच चल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में आरोपी का सहयोग किसने किया और दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने में किन लोगों की भूमिका रही।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऋण पुस्तिका पिता के नाम पर होने के कारण आरोपी ने यह जालसाजी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।