July 23, 2026

सूरजपुर में पिता की हत्या का खुलासा, बेटे ने मौसा और दोस्त संग रची थी साजिश

Surajpur News Update : सूरजपुर। रामानुजनगर पुलिस ने आठ दिनों के भीतर एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या उसके ही बेटे ने अपने मौसा और दोस्त के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को बोरे में बांधकर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस के अनुसार मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के चिरमी बचरापोड़ी गांव का है। 10 जून की रात हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया, जबकि 11 जून की रात आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर दूसरे स्थान पर ले जाकर फेंक दिया। दो दिन पहले शव की पहचान 45 वर्षीय शिव प्रसाद सिंह गोंड, निवासी चिरमी बचरापोड़ी के रूप में हुई थी।

घर में की गई थी हत्या

जांच में पता चला कि शिव प्रसाद सिंह की हत्या उसके घर चिरमी परसापारा में की गई थी। आरोपियों ने टांगी और लोढ़ा से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बांधकर घटनास्थल से दूर फेंक दिया गया।

बेटा निकला मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश मृतक के बेटे ने रची थी। वारदात को अंजाम देने में उसके मौसा और एक दोस्त ने सहयोग किया। वहीं मृतक की मां पर साक्ष्य छिपाने में मदद करने का आरोप है, ताकि पुलिस जांच को प्रभावित किया जा सके।

घरेलू विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना करता था। लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद और हिंसा से परेशान होकर बेटे ने अपने पिता की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

रामानुजनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर महज आठ दिनों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।