July 23, 2026

चरित्र शंका में पति ने पार की हैवानियत की हदें, पत्नी का सिर मुंडवाकर पिलाया पेशाब

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिले के पंडोपारा स्थित काटकोना गांव में एक व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के बाल काटकर उसका सिर मुंडवा दिया, फिर उसके साथ मारपीट की और उसे पेशाब पिलाने के साथ चेहरे पर कालिख भी पोत दी।

मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दंपति के चारों बच्चे मौजूद दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस में शिकायत दर्ज

जानकारी के अनुसार पीड़िता मूल रूप से सूरजपुर जिले के करंजी क्षेत्र की रहने वाली है। महिला ने पति पर गंभीर प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पटना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2006 में हुई थी लव मैरिज

बताया जा रहा है कि दोनों ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बेटे और दो बेटियां हैं। जानकारी के मुताबिक महिला पिछले करीब एक वर्ष से पति से अलग रह रही थी।

पति ने लगाए आरोप

मामले में पति का कहना है कि उसकी पत्नी पहले अपने रिश्तेदारों के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके कारण उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। वहीं महिला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पति पर गंभीर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है।