सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लटोरी चौकी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े के शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिले। दोनों के शव एक ही दुपट्टे से लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जंगल में पेड़ पर मिले दोनों के शव
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक-युवती एक ही गांव के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में दोनों के शव पेड़ पर लटके हुए मिले। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।





