दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव न्यूज़ अपडेट
फिल्टर प्लांट की सफाई से शाम की जलापूर्ति प्रभावित
दुर्ग नगर निगम के 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट में जल शोधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 29 जुलाई से दो दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान सुबह की जलापूर्ति सामान्य रहेगी, जबकि शाम की जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है। शंकर नगर, शक्ति नगर, पद्मनाभपुर, शनिचरी बाजार, हनुमान नगर, ट्रांसपोर्ट नगर और गिरधारी नगर क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है।
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹3.19 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के जामुल थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹3.19 लाख की ठगी करने वाले मनोज केशरवानी (57) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पड़ोसी से उसके बच्चों की नौकरी लगाने का भरोसा देकर अगस्त 2025 से अप्रैल 2026 के बीच किश्तों में नकद और ऑनलाइन रकम ली थी। नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं मिलने पर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पूरक परीक्षा में पास कराने के नाम पर फर्जी कॉल से सावधान
बालोद में माध्यमिक शिक्षा मंडल की पूरक परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होते ही फर्जी दलाल सक्रिय हो गए हैं। खुद को मंडल का अधिकारी बताकर पालकों से बच्चों को पास कराने के नाम पर ₹3 से ₹4 हजार की मांग की जा रही है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय है और किसी भी तरह के लेन-देन से बचने की अपील की है।
कार का कांच तोड़कर ₹4.90 लाख की उठाईगिरी
दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में बैंक से निकाले गए कर्मचारियों के वेतन के ₹4.90 लाख से भरे बैग की दिनदहाड़े चोरी हो गई। बदमाश कार का कांच तोड़कर बैग लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
पीएमश्री स्कूलों में स्पेशल एजुकेटर के छह पदों पर भर्ती
बालोद जिले के पांच पीएमश्री विद्यालयों में प्राथमिक स्तर के पांच और माध्यमिक स्तर के एक स्पेशल एजुकेटर सहित कुल छह पदों पर 10 माह के लिए संविदा भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी एनआईसी बालोद की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
दुर्ग के कुम्हारी थाना क्षेत्र के जांजगिरी गांव में 17 वर्षीय 11वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मोबाइल और अन्य पहलुओं की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
41 किलो गांजा जब्त, तस्कर फरार
राजनांदगांव जिले में तुमड़ीबोड़ पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से 41 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब ₹20.50 लाख बताई गई है। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश जारी है।
पीडीएस दुकान संचालन के लिए 7 अगस्त तक आवेदन
राजनांदगांव विकासखंड की मनकी और मोखला ग्राम पंचायतों में नई शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए इच्छुक समितियों से 7 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन एसडीएम कार्यालय में निर्धारित दस्तावेजों के साथ जमा किए जा सकते हैं।
कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का सम्मान
राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव ने कॉमनवेल्थ खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव से उनके निवास पर मुलाकात कर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया।
फर्जी माओवादी बनकर दहशत फैलाने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
गढ़चिरौली पुलिस ने माओवादी संगठन के नाम पर बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों में दहशत फैलाने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, यूएपीए और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





