सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र के बांसापारा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने मनरेगा और आवास योजना से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड को आग के हवाले कर दिया। घटना सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र के सामने हुई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सर्वेश साहु ने मनरेगा में हाजिरी भरने को लेकर पहले धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद उसने सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र द्वारा रखे गए दस्तावेजों का झोला छीन लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने झोले में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे मनरेगा और आवास योजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





