July 23, 2026

हजारों करोड़ के चिटफंड घोटाले में पीएसीएल के दो और डायरेक्टर गिरफ्तार, निवेशकों से करोड़ों की ठगी का आरोप

सूरजपुर पुलिस ने कई हजार करोड़ रुपये के चर्चित चिटफंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पीएसीएल कंपनी के दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जिला जेल कवर्धा से प्रोडक्शन वारंट पर सूरजपुर लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया था, लेकिन मैच्योरिटी अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों की राशि वापस नहीं की गई। मामले में पहले से दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर चिटफंड कंपनियों के खिलाफ लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान पता चला कि पीएसीएल कंपनी के डायरेक्टर गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह और गुरूनाम सिंह जिला जेल कवर्धा में बंद हैं। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों आरोपियों को सूरजपुर थाना लाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कंपनी के अन्य डायरेक्टरों के साथ मिलकर निवेशकों को राशि दोगुनी करने का प्रलोभन दिया था। इस लालच में फंसाकर सूरजपुर जिले के लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए गए और बाद में रकम वापस नहीं कर उनके साथ धोखाधड़ी की गई।

अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इससे पहले कंपनी के छह अन्य डायरेक्टरों को भी गिरफ्तार किया था। इनमें निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह, जोगेन्दर टाईगर, गुरमीत सिंह और सुब्रत भट्टाचार्य शामिल हैं। ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

पुलिस का कहना है कि निवेशकों की राशि वापस दिलाने और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।