सूरजपुर। जिले में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में 19 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कई नाबालिग और महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में हुआ। करीब 30 मजदूरों को लेकर एक पिकअप वाहन जा रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई मजदूरों को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, पिकअप में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है।
गौरतलब है कि मजदूरों के परिवहन में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके, ओवरलोडिंग और असुरक्षित परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





