March 5, 2026

सूरजपुर में खौफनाक सड़क हादसा, पिकअप कार के ऊपर पलटी

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के एस्सार पेट्रोल पंप के समीप हुई, जब चलती मालवाहक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार के ऊपर पलट गई।

सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि स्विफ्ट डिजायर कार सूरजपुर से बिश्रामपुर की ओर जा रही थी और पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही पिकअप अनियंत्रित हो गई और जोरदार उछाल के साथ सीधे कार के ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद पिकअप कार के ऊपर ही पलटी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चालक को कटर मशीन से बचाया गया
दुर्घटना में कार चालक वाहन के अंदर फंस गया। पुलिस और राहत टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कटर मशीन की मदद से चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय यातायात प्रभावित रहा। बिश्रामपुर थाना पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। मामले की जांच अभी जारी है।