बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भीख मांगने की आड़ में चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य भीख मांगने के बहाने घरों के आसपास पहुंचते हैं और मौका मिलते ही मोबाइल, पर्स समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित सुनील बाटवे, निवासी जरहाभाठा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी भीख मांगने के बहाने उनके घर के पास पहुंचे और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही शहर में सक्रिय ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई कर चोरी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की अपील भी की है।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। फुटेज में एक दंपति और उनके साथ एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।





