सूरजपुर। श्रद्धालुओं को लेकर बनारस जा रही एक यात्री बस सोमवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में करीब 15 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसा लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत स्थिर है, जबकि अन्य को निगरानी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि यह बस रायगढ़ जिले के तमनार से श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी (बनारस) के लिए रवाना हुई थी। गंगापुर के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने स्थिति सामान्य होने पर बहाल करा दिया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।





