सूरजपुर | दिलशाद अहमद। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर जान ले ली। दर्दनाक सड़क हादसे में विश्रामपुर थाना में पदस्थ आरक्षक अभय पांडे की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार रात जयनगर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक अभय पांडे दसवीं बटालियन सिलफिली में आयोजित फिटनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने गए थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटते समय नेशनल हाइवे-43 पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क खून से सन गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।





