July 31, 2026

आबादी के करीब पहुंचा दंतैल हाथी, वीडियो बना रहे युवकों को दौड़ाया, मची अफरा-तफरी

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरा में जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी आबादी क्षेत्र के करीब पहुंच गया। हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान हाथी का वीडियो बनाने पहुंचे कुछ युवकों को हाथी ने दौड़ा लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

वीडियो बनाने के दौरान हाथी हुआ आक्रामक

जानकारी के अनुसार, गांव के समीप हाथी के पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए मौके पर जुट गए। कई लोग हाथी के करीब जाकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इसी बीच हाथी अचानक आक्रामक हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी तरफ आता देख लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के दौरान कई ग्रामीण अपने चप्पल-जूते तक मौके पर छोड़कर भाग निकले। घटना का वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, हाथी मित्र दल और स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे। वन अमले ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा हाथी के नजदीक जाने से बचने की अपील की है।

हाथी की गतिविधियों पर नजर

फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। अधिकारियों का कहना है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति न बने।