March 4, 2026

सूरजपुर: जिले में वजन त्यौहार की शुरूआत, 09 से 18 फरवरी तक चलेगा

सूरजपुर, 09 फरवरी 2026: जिले में संचालित 2080 आंगनबाड़ी केंद्रों में आज से वजन त्यौहार का शुभारंभ हो चुका है। इस दौरान 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर का सटीक आकलन समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ किया जाएगा।

कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम 09 से 18 फरवरी तक आयोजित होगा। बच्चों के पालकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को लेकर आएं, ताकि पोषण स्तर की सही जानकारी प्राप्त हो सके और कुपोषण मुक्त सूरजपुर बनाने की पहल को मजबूत आधार मिले।

वजन त्यौहार के दौरान बच्चों का वजन, लंबाई और ऊँचाई मापी जाएगी और प्राप्त आंकड़ों को निर्धारित सॉफ्टवेयर में दर्ज किया जाएगा। इसके माध्यम से कुपोषित बच्चों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे उनके लिए लक्षित पोषण एवं स्वास्थ्य हस्तक्षेप सुनिश्चित किए जा सकेंगे।

महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सुपरवाइजर और कलस्टर अधिकारी अपने केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज कर आयोजन को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं। पालक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।