September 4, 2026

जर्जर सड़क में 2 घंटे फंसी भाजपा संगठन महामंत्री की कार, पवन साय ने मंत्री-नेताओं को लगाई फटकार; तत्काल शुरू हुई मरम्मत

सरगुजा। नेशनल हाईवे की जर्जर सड़क को लेकर भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने मंत्री और भाजपा नेताओं को जमकर फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि खराब सड़क के चलते पवन साय की कार करीब दो घंटे तक फंसी रही, जिसके बाद उन्होंने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

मामले को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने बताया कि पवन साय ने उन्हें भी सड़क की स्थिति को लेकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र की जनता जर्जर सड़क के कारण परेशान हो रही है तो नेतागिरी का क्या फायदा।

अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश

पवन साय की नाराजगी के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

लंबे समय से परेशानी झेल रहे थे राहगीर

बताया जा रहा है कि इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। जगह-जगह सड़क जर्जर होने और गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भाजपा संगठन महामंत्री की कार के जर्जर सड़क पर करीब दो घंटे तक फंसे रहने और इसके बाद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।