September 4, 2026

सरगुजा में डबल मर्डर से सनसनी, महिला और युवक की फावड़े से हमला कर हत्या; पति फरार

सरगुजा। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। एक मकान से पुलिस ने युवक और महिला के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान बेन्जे बड़ा और नईहारो मझवार के रूप में हुई है। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

शराब के नशे में हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की शाम बेन्जे बड़ा, नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार एक मकान में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विवाद के दौरान बाबूलाल मझवार ने फावड़े से अपनी पत्नी नईहारो और युवक बेन्जे पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार

घटना के बाद से बाबूलाल मझवार फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।

फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।