May 14, 2026

सरगुजा के जंगल में भीषण आग, एक किमी क्षेत्र प्रभावित; बार-बार आगजनी से ग्रामीणों में आक्रोश

सरगुजा। जिले के नेशनल हाईवे-130 से लगे ग्राम कुंवरपुर के जंगल में भीषण आग लगने से करीब एक किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित हो गया। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से जंगल में मौजूद पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरण पर भी खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अज्ञात लोग बार-बार जंगल में आग लगा रहे हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के पास ही वन विभाग का कार्यालय मौजूद है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समय पर कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।

लगातार हो रही आगजनी से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जंगल को और बड़ा नुकसान हो सकता है।

लखनपुर वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामनिवास दहायत ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा आगजनी की घटनाएं की जा रही हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।