May 14, 2026

सरगुजा | जंगली हाथियों का आतंक, घर और स्कूल में तोड़फोड़ से ग्रामीणों में दहशत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। मैनपाट वन परिक्षेत्र में हाथियों के दल ने रात के समय एक घर और स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल कापू रेंज के जोबलपानी से धौवरघाट के बीच जंगल में विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात चुरकीपानी गांव में हाथियों ने एक घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे परिवार बेघर हो गया।

इसके अलावा कडराजा कॉलोनी में भी हाथियों ने उत्पात मचाते हुए स्कूल भवन को नुकसान पहुंचाया। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।

घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और लोग रातें जागकर बिताने को मजबूर हैं। वन विभाग लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील कर रहा है।

प्रशासन की ओर से हाथियों की निगरानी की जा रही है और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास जारी हैं।