May 18, 2026

Surguja Crime: दोस्त ने ही कर दी दोस्त की हत्या, शव को कीचड़ भरी डबरी में फेंका

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शीतल, निवासी हनुमानगढ़ थाना उदयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के बाद आरोपी युवक ने अपने दोस्त शीतल की हत्या कर दी और शव को पोतका गांव के पास स्थित कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकालने के लिए डबरी का पानी खाली कराया गया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने हत्या के आरोपी दोस्त को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।