May 18, 2026

Surguja News Update : कोरिया में मनरेगा श्रमिकों का 100% ई-केवाईसी पूरा, जशपुर-बलरामपुर में पुलिस और प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Surguja News Update : सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से प्रशासनिक उपलब्धि, स्वास्थ्य व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। कोरिया जिले ने मनरेगा श्रमिकों का 100 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा कर प्रदेश में मिसाल पेश की है, वहीं जशपुर और बलरामपुर में पुलिस ने अपराध और तस्करी के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है।

कोरिया बना प्रदेश का पहला जिला, मनरेगा श्रमिकों का 100% ई-केवाईसी

ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से लागू वीबीजी रामजी योजना के तहत कोरिया जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में मनरेगा के अंतर्गत पंजीकृत सभी श्रमिकों का आधार आधारित ई-केवाईसी कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और पंचायत अमले के समन्वय से सभी ग्राम पंचायतों के श्रमिक परिवारों के प्रत्येक सदस्य का ई-केवाईसी पूरा किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में औसतन ई-केवाईसी लगभग 92 प्रतिशत है, जबकि कोरिया जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।

शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत के मामले में जांच के निर्देश

जशपुर जिले के पत्थलगांव सिविल अस्पताल में हार्ट अटैक से शिक्षक कार्तिकेश्वर निषाद की मौत के मामले को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। घटना के समय अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की अनुपस्थिति की शिकायत सामने आई थी।

संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सीएमएचओ जशपुर को जांच कर तीन दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से चौकी प्रभारी बाल-बाल बचे

अंबिकापुर में एनएच-130 पर तेज रफ्तार टोचन वाहन ने केदमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह की कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार का आगे और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि अधिकारी बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

फर्जी आरटीओ अधिकारी बनकर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर में खुद को आरटीओ अधिकारी बताकर बाइक सवारों से लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शहजोर अली ने संदीप लकड़ा से 20 हजार रुपये लूटने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 15 गौवंश छुड़ाए

जशपुर जिले में ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 15 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस दौरान एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

अफीम की खेती मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी बिहार और दूसरा झारखंड का निवासी है।

इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने करीब 7 करोड़ रुपये की अफीम की फसल जब्त की है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्रों पर सख्ती

जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि यदि कोई छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाकर स्कूल आता है तो छात्र के साथ संबंधित स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बिना फिटनेस, बीमा और आवश्यक दस्तावेजों के चल रहे व्यावसायिक वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।