सरगुजा। Chhattisgarh के सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के बेलदगी ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम छिपनीपानी में पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीण दूषित नदी का पानी पीने को मजबूर हैं, वहीं उन्हें प्रधानमंत्री जनमन योजना का पूरा लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें नदी किनारे गड्ढा खोदकर पानी निकालना पड़ता है। गर्मी और बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। बरसात के दौरान नदी का पानी दूषित हो जाने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
विधायक प्रबोध मिंज ने मानी समस्या
मामले की जानकारी मिलने पर लुंड्रा विधायक Prabodh Minj ने क्षेत्र में पेयजल संकट की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि कई इलाके पहाड़ी और अत्यंत दुर्गम हैं, जहां लोग अलग-अलग स्थानों पर बसे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बेलदगी क्षेत्र बड़ा गांव है और यहां कई टोले बसे हुए हैं। पूरा इलाका जंगल और पहाड़ों से घिरा है, जिसके कारण बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में दिक्कतें आती हैं। विधायक ने कहा कि लोग नदी का पानी पीते हैं और नदी किनारे ढोढ़ी बनाकर उसका उपयोग करते हैं। कई जगहों पर जलस्रोत नहीं होने से लोगों को दूर से पानी लाना पड़ता है।
दुर्गम इलाकों में नहीं पहुंच पा रही बोरिंग मशीन
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि समस्या की जानकारी प्रशासन को है, लेकिन कई स्थानों तक वाहन नहीं पहुंच पाते। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बोरिंग मशीन ले जाना संभव नहीं हो पाता, जिससे बोरवेल कराना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष जनजातियों तक सड़क और अन्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी काम बाकी है। साथ ही कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में नई बस्तियां बसाई जा रही हैं और जल्द ही वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।





