अंबिकापुर। मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया (MPFI) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 15वीं एमपीएफआई बायथल-ट्रायथल राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के लिए सरगुजा जिले के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 31 मई से 4 जून 2026 तक गुजरात विद्यापीठ विश्वविद्यालय, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें सरगुजा जिले के पांच खिलाड़ी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों में अथर्व प्रताप सिंह, अभिषेक शर्मा, अथर्व सोनी, अभिनव केरकेट्टा और मयंक मेहता का नाम शामिल है।
सरगुजा जिले के इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस उपलब्धि से स्थानीय खेल प्रेमियों और खेल संगठनों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास को इस सफलता का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
बायथल-ट्रायथल मॉडर्न पेंटाथलॉन की एक महत्वपूर्ण स्पर्धा है, जिसमें शूटिंग, तैराकी और दौड़ जैसी चुनौतियाँ शामिल होती हैं। यह खेल शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता और सहनशक्ति का परीक्षण माना जाता है।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के रूप में भी महत्वपूर्ण है। इसके प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन एशियन चैंपियनशिप 2026 (दुबई) और यूआईपीएम वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 (पुर्तगाल) के लिए किया जाएगा।
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ सहित विभिन्न खेल संगठनों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि जिले में खेल संस्कृति को और मजबूत करने के साथ युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।





