July 23, 2026

सरगुजा SSP के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से मांगी जा रही निजी जानकारी; पुलिस ने जारी किया अलर्ट

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनका मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि संबंधित फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है और उसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी आईडी पर भरोसा न करें और न ही किसी प्रकार की निजी या संवेदनशील जानकारी साझा करें।

साइबर सेल में शिकायत, Meta को भेजी सूचना

एसएसपी ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी गई है। साथ ही फर्जी फेसबुक प्रोफाइल को हटाने के लिए Meta को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फर्जी आईडी संचालित करने वालों की पहचान में जुटी हुई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पुलिस के अनुसार इससे पहले भी सरगुजा और बलरामपुर के कलेक्टरों के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी करने की कोशिश की जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट या मैसेज मिलने पर पहले उसकी सत्यता की जांच करें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल साइबर सेल या नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें।