रायपुर। प्रदेशभर में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘सुशासन तिहार 2026’ आज से शुरू हो रहा है। 1 मई से 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं मौके पर ही सुनी और हल की जाएंगी।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और त्वरित सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।
पहले चरण में लंबित मामलों पर फोकस
अभियान के पहले चरण में 30 अप्रैल तक लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया गया है। इसमें—
राजस्व से जुड़े नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन,
मनरेगा भुगतान,
हितग्राही योजनाओं के लंबित लाभ,
आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र,
बिजली, ट्रांसफार्मर और पेयजल समस्याएं शामिल हैं।
साथ ही पात्र लोगों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव से शहर तक लगेंगे समाधान शिविर
अभियान के तहत—
ग्रामीण क्षेत्रों में 15-20 ग्राम पंचायतों के समूह में शिविर,
शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर स्तर पर आयोजन,
मौके पर आवेदन स्वीकार और लाभ वितरण,
एक माह के भीतर निराकरण का लक्ष्य रखा गया है।
शिविरों में लोगों को उनके आवेदन की स्थिति की जानकारी भी दी जाएगी।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
CM का औचक दौरा और निगरानी
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai हेलिकॉप्टर से विभिन्न जिलों का दौरा कर सकते हैं। वे—
विकास कार्यों का निरीक्षण,
हितग्राहियों से फीडबैक,
और जिला स्तर पर समीक्षा बैठकें करेंगे।
जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी
अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। डिजिटल, प्रिंट और स्थानीय माध्यमों से लोगों को जोड़ा जाएगा।





