May 13, 2026

सुशासन तिहार में बच्चों से कराया गया काम, व्यवस्था पर उठे सवाल

राजिम। सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सुशासन तिहार’ के दौरान व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के ग्राम पोखरा में आयोजित समाधान शिविर में मुख्य मंच के सामने नाबालिग बच्चे अतिथियों को नाश्ता और शरबत परोसते नजर आए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, विधायक, कलेक्टर सहित कई अधिकारी मौजूद थे, लेकिन बच्चों से कराए जा रहे काम पर किसी का ध्यान नहीं गया।

सुशासन तिहार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना बताया जा रहा है। हालांकि कार्यक्रम में बच्चों से काम कराए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन बच्चों के हाथों में किताबें और भविष्य होना चाहिए, उन्हें आयोजन की व्यवस्थाओं में लगा दिया गया। मंच के सामने बच्चे लगातार लोगों को शरबत और नाश्ता परोसते दिखाई दिए, जिससे कार्यक्रम की निगरानी और तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन अक्सर नियमों और जिम्मेदारियों की बात करता है, लेकिन सरकारी आयोजन में ही बच्चों से काम कराया जाना सुशासन के दावों पर सवाल खड़े करता है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई करता है या मामला सिर्फ चर्चा तक सीमित रह जाएगा।