रायपुर। प्रदेश में आयोजित किए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने जहां इसे पूरी तरह विफल बताया है, वहीं भाजपा ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने मीडिया से चर्चा के दौरान सुशासन तिहार को महज औपचारिकता बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बीच जाकर सिर्फ “टाइम पास और नौटंकी” कर रही है। बैज ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र को पीएम आवास के लिए दंडवत होना पड़ रहा है और अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
दीपक बैज के बयान पर मंत्री Kedar Kashyap ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों तक लोगों को आवास के लिए तरसाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने 18 लाख से अधिक पीएम आवास स्वीकृत किए हैं। केदार कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में आदिवासियों के शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े मुद्दों की अनदेखी हुई।
वहीं प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा लोगों से सोना कम खरीदने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील पर भी कांग्रेस ने निशाना साधा। दीपक बैज ने कहा कि यह सरकार की नाकामी का संकेत है और देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने गैस सिलेंडर और जरूरी सामानों की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
इधर, प्रदेश में प्लास्टिक की बोतलों में शराब बिक्री को लेकर भी कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री से गड़बड़ी की आशंका बढ़ेगी। इस पर केदार कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पहले अपने शासनकाल के शराब घोटाले को देखे, फिर आरोप लगाए।





