July 23, 2026

भाजपा विधायक से ठगी पर कांग्रेस का हमला, सुशील शुक्ला बोले- BJP राज में कानून व्यवस्था बदहाल

रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ हुई ठगी की घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का खौफ खत्म हो गया है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नितिन नवीन के पीए के नाम पर भाजपा विधायक से ठगी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में रसूखदार लोगों से भी पैसे उगाही का खेल चल रहा है और कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की घटना हुई थी और अब भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ठगी का शिकार हो गए। शुक्ला ने कहा कि पुरंदर मिश्रा पेशे से अधिवक्ता और इनकम टैक्स सलाहकार हैं, इसके बावजूद उनके साथ इस तरह की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब भाजपा नेताओं के साथ ऐसी घटनाएं हो सकती हैं तो आम जनता कितनी सुरक्षित होगी।

वहीं रामभद्राचार्य और धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर भी सियासत तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि डॉ. चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें कांग्रेस के प्रभाव में आकर कथावाचकों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंत को देशहित में बात करनी चाहिए।

पुरंदर मिश्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा से सलाह लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि चरणदास महंत ने जो टिप्पणी की है, वह सही है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि रामभद्राचार्य भाजपा के प्रचारक के रूप में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि रामचरितमानस और हनुमान चालीसा की चौपाइयों में गलतियां निकालने वाले लोगों को धार्मिक विषयों पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।