एमसीबी, 06 फरवरी 2026:
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय में आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम का नौवां संस्करण विद्यार्थियों के लिए उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संवाद को सुनते हुए छात्र-छात्राओं ने परीक्षा से जुड़े तनाव को दूर करने और बेहतर तैयारी के लिए कई उपयोगी टिप्स सीखे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि परीक्षा को बोझ नहीं बल्कि उत्सव की तरह लें। उन्होंने समय प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही रोजाना योजना बनाने, साथियों के साथ सहयोग बढ़ाने और निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रामाश्रय शर्मा, ए.पी.सी. सूर्योधय सिंह, ए.डी.पी.ओ. गणेश यादव सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे परीक्षा के प्रति उनका डर कम हुआ और तैयारी के लिए नई ऊर्जा मिली।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को तनावमुक्त वातावरण में सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे शिक्षा प्रणाली को अधिक छात्र-केंद्रित बनाने में मदद मिलती है।




