March 3, 2026

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah शो में हुआ छत्तीसगढ़ का जिक्र, पत्रकार पोपटलाल ने बताई छत्तीसगढ़ की विशेषता

सब टीवी के फेमस शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम दिखाया जा रहा है। इस एपिसोड में मंच पर आत्माराम तुकाराम भिड़े (मंदार चंदवाडकर) ने शो के सभी पात्रों के साथ भारत और उसके राज्यों से जुड़ी जानकारी पर सवाल-जवाब किया।

शो में प्रत्येक पात्र को एक-एक राज्य के बारे में बताना था। इसी क्रम में पोपटलाल के हाथ में छत्तीसगढ़ राज्य का नाम आया। जब पोपटलाल से छत्तीसगढ़ की विशेषताओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की पहली विशेषता यह है कि वहां छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया बोला जाता है। अगर किसी का आभार प्रकट करना हो तो ‘बने करे जी’ कहा जाता है। छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ी बोली जाती है।”

इस पर भिड़े ने पोपटलाल को हंसते हुए टोकते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ में तो छत्तीसगढ़ी ही बोली जाएगी, जैसे गुजरात में गुजराती बोली जाती है।” पोपटलाल ने अंत में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का नाम भी बताया।

शो के इस विशेष एपिसोड ने दर्शकों को हंसाया और साथ ही छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया।