तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर में चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। नगर के कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर में बीती रात करीब 2 बजे चोर पीछे के रास्ते से मंदिर में दाखिल हुए और दानपेटी में रखी नगदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं।
दानपेटी तोड़कर नगदी और जेवर चोरी
जानकारी के मुताबिक, चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखी दानपेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नगदी निकाल ली। चोरों ने मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुए नगदी और जेवरात की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध
वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। हालांकि, उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं और फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
आसपास के कैमरों की भी जांच
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर के अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी
थाना प्रभारी अवनीश पासवान के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





