July 23, 2026

तखतपुर में फर्जी डॉक्टर बनकर इलाज कर रहे दो युवक पकड़ाए, पुलिस जांच में जुटी

Takhatpur। तखतपुर क्षेत्र में खुद को डॉक्टर बताकर दर्द का इलाज करने का दावा करने वाले उत्तरप्रदेश के दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों युवक बिना किसी वैध डिग्री के लोगों का इलाज कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी लोग बिना मान्यता प्राप्त डिग्री के इलाज कर रहे हैं। सूचना मिलने पर लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों युवक खुद को आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ा बताते रहे और अपने एक रिश्तेदार को डॉक्टर बताने लगे, लेकिन उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।

कमरे से मिली एलोपैथिक दवाइयां

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और कुछ संदिग्ध चूर्ण बरामद किए गए।

बताया जा रहा है कि पुलिस पहुंचने से पहले कथित डॉक्टरों का एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस पूछताछ जारी

पुलिस दोनों युवकों को थाने लेकर आई, जहां उन्होंने अपने नाम Mohammad Hakim Akbar और Mohammad Zaid बताए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बिना डिग्री इलाज करने, झूठा प्रचार-प्रसार कर लोगों को गुमराह करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में सख्त कार्रवाई की मांग की है।